आनंद विहार बस अड्डे पर फंसे दूसरे राज्यों के यात्री

 लंबे सफर के बाद दिल्ली पहुंचे सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अंतरराज्यीय बस, टैक्सी और ट्रेन की सेवाएं बंद होने से यह लोग दिल्ली में ही फंस गए हैं। अब ये यात्री अपने घर नहीं लौट पा रहे। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड के अलावा बिहार, तमिलनाडु, केरल, गोवा जैसे दूरदराज के राज्यों के यात्री भी शामिल हैं। स्थिति यह है कि इन यात्रियों को खाने-पीने का सामान भी नहीं मिल पा रहा है।
यात्रियों का कहना है कि रविवार को जनता कर्फ्यू के बाद लॉकडाउन कर दिया गया। इसकी खबर उन्हें यात्रा के दौरान मिली। उस समय उनके पास पीछे लौटने का भी विकल्प नहीं था। अब भी कई यात्रियों के सामने सवाल है कि जाएं तो कहां जाएं। हालांकि सोमवार रात इनमें से कुछ यात्री जरूरी सामान पहुंचाने के बाद वापस लौट रहे वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। लेकिन अब भी कई यात्री दिल्ली में ही फंसे हुए हैं। उत्तराखंड निवासी अश्विन ने बताया कि उन्हें ट्रेन में जनता कर्फ्यू और फिर लॉकडाउन का पता चला। अब घर जाने के लिए कोई सुविधा नहीं मिल रही। बंगलुरू से आए ऋषभ ने बताया कि वह जनता कर्फ्यू से पहले ट्रेन में सवार हुए थ। उन्हें ट्रेन से उतरने के बाद लॉकडाउन की जानकारी मिली। अब न तो बसें मिल रही हैं न ही टैक्सी। रेस्तरां और ढाबे बंद होने की वजह से खाने-पीने के लिए भी कोई इंतजाम नहीं हो पा रहा है। पीलीभीत निवासी हैदर का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से पिछले करीब 20 घंटे से किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन न तो बस और न ही टैक्सी की सुविधा है, आखिर जाएं तो कहां जाएं। इनकी तरह और भी कई यात्री फंसे हुए हैं जिन्हें घर जाने के लिए कोई सुविधा नहीं मिल पा रही। जैसे-तैसे रात बिता रहे हैं। वहीं धारा-144 लागू होने की वजह से पुलिस एक साथ पांच लोगों को एक स्थान पर रुकने नहीं दे रही है। ऐसे में आनंद विहार बस अड्डा पर मौजूद यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।